कासगंज। कोरोना वायरस को लेकर जनपद का स्वास्थ्य महकमा पूरी तरह से सतर्क है। चिकित्सक व कर्मी मास्क पहनकर कार्य कर रहे हैं ताकि किसी पीड़ित के पहुंचने की स्थिति में विभाग का कोई कर्मी इसकी चपेट में न आ सके। 15 जनवरी के बाद चीन से आने वाले लोगों पर विशेष नजर है।
चीन में फैले कोरोना वायरस को लेकर मचे हाहाकार के बाद लोगों का अपने देश लौटने का सिलसिला बना हुआ है। हवाई अड्डे से ही सीधे सूची तैयार करके सभी जिला अस्पतालों को भेजी जा रही है। 15 जनवरी से अब तक प्रदेश मेें 1300 लोगों की वापसी हुई है। इस सूची में हालांकि जिले का कोई भी व्यक्ति शामिल नहीं है, लेकिन आपसपास के जनपदों के लोगों के नाम होने की वजह से सख्त निर्देश हैं। सतर्कता के साथ ही जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, नवीन स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात सभी चिकित्सक व कर्मियों को मास्क पहनकर कार्य करना अनिवार्य कर दिया गया है। ताकि कोई भी कर्मी किसी संक्रमण की चपेट में न आ सके।
पांच सदस्यीय टीम गठित
जिला अस्पताल में बने स्पेशल वार्ड के लिए पांच सदस्यीय टीम का गठन किया गया है। जिसमें एक चिकित्सक, एक फार्मासिस्ट, एक वार्ड ब्वॉय, एक स्टाफ नर्स एवं एक सफाईकर्मी शामिल है। इस वार्ड में सभी आवश्यक दवाओं की व्यवस्था की गई है। साथ ही वार्ड में प्रवेश करने या बाहर आने के लिए कर्मियों को सेनेटाइजर का प्रयोग अनिवार्य किया गया है।
लखनऊ व दिल्ली की लैब में होंगी जांच
कोरोना वायरस की जांच के लिए विभाग के पास अपने इंतजाम नहीं है, लेकिन विभाग ने लखनऊ व दिल्ली की लैब से संपर्क कर लिया है। ताकि किसी संदिग्ध के पहुंचे की स्थिति में उसके रक्त, लार एवं नाक के सैंपल जांच के लिए भेजे जा सकें।
शासन से लगातार अपडेट लिया जा रहा है। हवार्ड अड्डे पर जिले या आसपास के क्षेत्र के किसी व्यक्ति के आते ही सूचना उपलब्ध करा दी जाती है, ताकि विभाग ऐसे व्यक्ति से संपर्क कर उसकी जांच आदि करा सके। - डॉ. प्रतिमा श्रीवास्तव, सीएमओ।
पूरी सतर्कता बरती जा रही है। जिला अस्पताल में स्पेशल वार्ड बनाकर सभी आवश्ययक दवाओं की व्यवस्था की गई है। - डॉ. राजकिशोर, सीएमएस।