आगरा में शनिवार को कोरोना वायरस की वैक्सीन लगवाने के लिए आधार कार्ड और डॉक्टर का पर्चा लेकर लोग बूथों पर पहुंचे। मौके पर पंजीकरण कराने के बाद वैक्सीन की पहली डोज लगवाई, इन बूथों पर स्वास्थ्य कर्मचारी और फ्रंट लाइन कर्मचारियों ने वैक्सीन की दूसरी डोज लगवाई है।
जिला टीकाकरण प्रभारी डॉक्टर संजीव वर्मन ने बताया कि सरकारी बूथों पर निशुल्क वैक्सीन लगाई जा रही है और निजी अस्पतालों में 250 रुपये देकर के वैक्सीन लगवा सकते हैं। सभी लोग अपने बुजुर्गों को टीका जरूर लगवाएं।
जिले में जून तक 4.46 लाख बुजुर्ग और 45 साल से अधिक उम्र के बीमार लोगों को टीका लगना है। मार्च में 1.11 लाख का लक्ष्य है। ऐसे में 13 मार्च को शासन ने हर रोज 10 हजार लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य तय किया था।
14 मार्च को रविवार होने के कारण 15 मार्च से हर रोज 10 हजार बुजुर्ग और बीमार को टीका लगाना था, लेकिन इन पांच दिनों में 21801 को ही टीका लगा है, जबकि लक्ष्य 50 हजार का था। टीकाकरण की दर बढ़ाने के लिए रोजाना 10 हजार बुजुर्गों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
जागरूकता अभियान शुरू नहीं हो पाया
लक्ष्य पूरा करने के लिए आशा, एएनएम, लेखपाल का सहयोग लेने के निर्देश दिए गए थे। इनको घर-घर जाकर बुजुर्ग, बीमार लोगों और उनके परिजनों को टीकाकरण कराने के लिए जागरूक करना था। ऐसा नहीं हो रहा। इस लापरवाही से टीकाकरण में तेजी नहीं आ पा रही।
लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई करेंगे
जिला टीकाकरण प्रभारी डॉ. संजीव वर्मन ने कहा कि आशा-एएनएम को घर-घर जाकर काउंसिलिंग और सूची बनाने का जिम्मा दिया है। इनसे रोजाना इनकी सूची भी मांगेंगे, लापरवाही बरतने वाली आशाओं पर कार्रवाई करेंगे।