आगरा में फिर कोरोना वायरस का संक्रमण पांव पसार रहा है। प्रशासन की ओर से शनिवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटे में 13 नए मरीज मिले हैं। इनमें सात मानसिक रोगी हैं। अलीगढ़ और नोएडा के एक-एक व्यक्ति में भी वायरस की पुष्टि हुई है। जिले में अब कोरोना सक्रिय मरीजों की संख्या 37 पहुंच गई है।
पिछले 24 घंटे में 1606 लोगों की जांच में 13 नए मरीज मिले हैं। इनके अलावा आठ पुराने मरीज स्वस्थ हुए हैं। सात दिन का होम आईसोलेशन पूर्ण करने वालों को डिस्चार्ज घोषित किया गया है। सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव के अनुसार आस-पास के जिलों से संक्रमित शहर में आ रहे हैं।
नौ मरीजों की उम्र 18 से 45 साल के बीच
हलवाई की बगीची स्थित मानसिक स्वास्थ्य संस्थान की ओपीडी में आए सात रोगियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। 13 मरीजों में 11 शहरी और दो ग्रामीण हैं। नौ मरीजों की उम्र 18 से 45 साल के बीच है। दो मरीज 60 वर्ष से अधिक आयु है। उन्होंने कहा खांसी, बुखार के लक्षण होने पर कोरोना की जांच जरूर कराएं। संक्रमण अभी खत्म नहीं हुआ है। फिर से मरीज बढ़ रहे हैं।
प्रशासन की रिपोर्ट के मुताबिक जिले में 37 कोरोना सक्रिय मरीज हैं। जिले में अब तक कुल 27.20 लाख लोगों की जांच हो चुकी है। 36516 मरीज ठीक हो चुके हैं। 465 मरीज दम तोड़ चुके हैं। 36014 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। मरीजों की संक्रमण दर 1.27 फीसदी है।