मथुरा में एक युवक का सैंपल लेता स्वास्थ्य टीम का सदस्य। संवाद
- फोटो : MATHURA
मथुरा। शहर के प्रमख नमकीन विक्रेता की कोरोना संक्रमण से हुई मौत के बाद अब उनकी पत्नी और पुत्र भी पॉजिटिव मिले हैं। दोनों की रिपोर्ट निजी लैब से आई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दोनों को कोविड-19 अस्पताल में भर्ती किया है, जबकि परिवार के पांच अन्य सदस्यों के सैंपल लेकर उन्हें क्वारंटीन किया है। मां और बेटे के कोरोना पाजिटिव मिलने के बाद क्षेत्र में खलबली मची है।
हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने अभी इन्हें जनपद की संक्रमितों की सूची में शामिल नहीं किया है। इसलिए जनपद में कुल संक्रमित की संख्या 274 ही है। वहीं कंपू घाट इलाके में एक युवक व उसके परिवार के पांच सदस्यों के संक्रमित पाए जाने के बाद इलाके को हॉटस्पॉट घोषित कर सील कर दिया है।
होली गेट अंदर होलीगली निवासी शहर के नमकीन व्यापारी को कोरोना होने के बाद परिवार के लोगों ने मेदांता हॉस्पिटल में भर्ती कराया था, जहां पिछले दिनों उनकी मृत्यु हो गई थी। बताया जाता है कि उनकी मृत्यु के बाद पत्नी और बेटे की तबियत खराब हो गई। दोनों ने सैंपल देकर निजी लैब से जांच कराई। बुधवार को आई रिपोर्ट में दोनों पॉजिटिव निकले हैं।
जांच रिपोर्ट आने के बाद मां और बेटे को आईसोलेट किया है। इधर शहर के कंपू घाट क्षेत्र निवासी एक युवक और उसके परिवार के पांच सदस्यों के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने 12 लोगों के सैंपल लिए हैं। पहले मिले कोरोना संक्रमित युवक की आगरा में हालत बिगड़ने के बाद उसे लखनऊ रेफर किया गया है। उनके घर के आसपास के इलाके को हॉटस्पॉट बनाकर सील कर दिया गया है। इस इलाके में रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य का परीक्षण किया गया है।
गांव डडीसरा में कोरोना की दहशत
टैंटीगांव। गांव डडीसरा में अपने मायके में आई युवती की मंगलवार रात कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद गांव में दहशत है। एक सप्ताह पूर्व फरीदाबाद से युवती अपने मायके में गांव डडीसरा आई थी। यहां आने के बाद उसकी तबियत खराब होने पर उसका चेकअप कराया गया। मंगलवार देर शाम युवती की रिपोर्ट पॉजिटिव आने से गांव में हड़कंप मच गया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने युवती को उपचार के लिए आईसोलेशन वार्ड में शिफ्ट किया है। युवती के परिजनों को क्वारंटीन कर दिया। ग्राम प्रधान पूरन सिंह ने गांव को चारों ओर से कांटे आदि डालकर सील कराया है। ग्राम प्रधान ने ग्रामीणों से बाहर न निकलने की सलाह दी है।