टूंडला (फिरोजाबाद)। भतीजे संग खेत जुतवाने जा रहा किसान ट्रैक्टर से नीचे गिर गया। ट्रैक्टर के पहिए के नीचे आने से गंभीर रूप से घायल चाचा को चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए फिरोजाबाद भेजा है। थाना नगला सिंधी के गांव लांघई निवासी फतेह सिंह 34 पुत्र बादाम सिंह बुधवार सुबह साढे़ सात बजे करीब खेत जुतवाने के लिए ट्रैक्टर पर बैठकर जा रहा था। ट्रैक्टर को उसका भतीजा सालिगराम चला रहा था। वह खेत पर पहुंच पाता उससे पूर्व ही अचानक वह ट्रैक्टर से नीचे गिर गया। भतीजा कुछ समझ पाता उससे पूर्व ही ट्रैक्टर का पिछला पहिया के नीचे आने से गंभीर रूप से घायल हो गया।
चाचा की हालत देख भतीजा घबरा गया। उसकी चीख-पुकार सुन आसपास के लोग व परिजन वहां पहुंच गए। गंभीर घायल फतेह सिंह को आनन-फानन में परिजन उपचार के लिए चिकित्सक के पास ले गए, जहाँ चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए फिरोजाबाद भिजवाया है।