मैनपुरी। जेल में बंदियों को कोरोना संक्रमण से बचाने के लिए विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सिविल जज अमित मिश्रा ने जेल अधीक्षक को निर्देश दिए हैं। भेजे गए पत्र में कहा है कि जेल में बंदियों के बीच हर हाल में सामाजिक दूरी रहे। बंदियों का जेल चिकित्सक से नियमित रूप स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए।
विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ने जेल अधीक्षक को भेजे गए पत्र में कहा गया है कोरोना संक्रमण के चलते संदिग्ध बंदी अस्थाई जेल में ही रखे जाएं। जेल की बैरकें नियमित रूप से सैनिटाइज कराने के साथ ही जेल परिसर में साफ सफाई के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। बंदियों को कोरोना संक्रमण के प्रति नियमित रूप से जागरूक किया जाए।
बंदियों को उनकी सुरक्षा के लिए मास्क वितरित कराए जाएं। बीमार बंदियों की रोजाना जेल चिकित्सक से जांच की जाए। बीमारी के आधार पर ही उनका बाहर उपचार कराया जाए। जेल कर्मचारी भी सामाजिक दूरी का पालन करें। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए बंदियों के बीच बैरकों में ही उचित व्यवस्थाएं की जाएं।