मैनपुरी/कुरावली। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में बृहस्पतिवार को आठ कोरोना संक्रमित और मिले। इसके साथ ही जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3356 पहुंच गई है। जिले में अब तक 3172 संक्रमित ठीक हो चुके हैं, जबकि 53 संक्रमितों की मौत हो चुकी है। 131 संक्रमितों का वर्तमान में अलग-अलग स्थानों पर उपचार चल रहा है।
कस्बा बेवर में दो, बरनाहल, खरपरी, गढिय़ा गोविंदपुर में एक-एक कोरोना संक्रमित मिला। इसके अतिरिक्त शहर के मोहल्ला शिवनगर, कृष्णा कुंज कॉलोनी और राधारमन रोड पर एक-एक कोरोना संक्रमित पाया गया। सीएमओ डॉ. एके पांडेय के निर्देश पर सभी को होम आइसोलेट किया गया है।
सीएमओ ने सभी चिकित्साधीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि वह अपने क्षेत्र में अधिक से अधिक जांच कराएं। बाहर से आने वाले लोगों पर नजर रखी जाए। बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल में बनाए गए कोविड वार्ड में भर्ती दो संक्रमित ठीक हो गए। ठीक होने के बाद दोनों को प्रमाणपत्र देकर घर भेजा गया।
उधर, कुरावली में बृहस्पतिवार को स्वास्थ्यकर्मियों की टीम ने नगर की गिहार कॉलोनी और कोतवाली परिसर में शिविर लगाकर 260 लोगों की जांच की। 203 लोगों की जांच एंटीजन कार्ड से की गई, जबकि 57 के नमूने लेकर जांच के लिए मेडिकल कॉलेज सैफई भेजे गए। इस दौरान डॉ. मुनींद्र सिंह चैहान, डॉ. जगतबंधु, स्वास्थ्यकर्मी सत्यजीत, किशनपाल, दिलीप कुमार आदि लोग मौजूद रहे।