कासगंज। जिले से लापता हुए दो कोरोना संक्रमितों से संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ गया है। स्वास्थ्य विभाग चिंतित हैं। विभाग ने दोनों संक्रमितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया है। अब पुलिस भी संक्रमितों की तलाश में जुट गई। 31 अक्तूबर को लिए गए नमूनों की रिपोर्ट प्रयोगशाला से मंगलवार देर रात आई। इसमें मनोज कुमार पुत्र हरिनंदन और पंकज कुमार भी संक्रमित पाए गए। पंकज और मनोज दोनों के नाम व पता गलत है। मनोज ने पता दुर्गा कॉलोनी लिखाया, जबकि पंकज ने सिढ़पुरा के गांव नगला मुलू का पता स्वास्थ्य विभाग को दर्ज कराया।
पिता का नाम भी नहीं लिखाया। दोनों की तलाश में स्वास्थ्य विभाग जुटा रहा, लेकिन अभी तक दोनों का कोई पता ठिकाना नहीं मिला है। इससे स्वास्थ्य विभाग की चिंता और बढ़ गई है। विभाग चिंतित है कि कहीं यह संक्रमित लोगों के बीच पहुंचकर खतरा और न बढ़ा दें। डिप्टी सीएमओ डॉ. अविनाश के निर्देश पर सिढ़पुरा के अधीक्षक और कासगंज के अधीक्षक ने संबंधित थानों में दोनों के खिलाफ महामारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज करा दिया है।