कासगंज। नोडल अधिकारी अंबरीश कुमार ने अपर जिलाधिकारी अजय कुमार श्रीवास्तव के साथ जिला चिकित्सालय तथा क्वारंटीन सेंटर नौरथा, वीके जैन कालेज एवं कलावती स्मृति आयुर्वेदिक अस्पताल गोरहा पहुंच कर साफ सफाई, उपचार एवं भोजन आदि व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। साथ ही आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
नोडल अधिकारी ने कहा कि अस्पतालों में मरीजों की अच्छे ढंग से देखभाल व उपचार किया जाए। जिले की सभी एंबुलेंस हर समय एलर्ट रहें। चिकित्सा व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर ढिलाई न बरती जाये। क्वारंटीन सेंटरों पर उन्होंने भोजन की गुणवत्ता भी देखी। उन्होंने कहा कि अस्पतालों व क्वारंटीन सेंटरों में भोजन सहित सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं।
आइसोलेशन वार्ड व अन्य वार्डों की साफ-सफाई आदि व्यवस्थाओं को मौके पर चैक किया। मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिये कि वार्डों में भर्ती मरीजों के खानपान, रहन सहन और उनके समुचित उपचार पर विशेष ध्यान दिया जाए। मरीजों को उपलब्ध कराये जा रहे भोजन की गुणवत्ता नियमित चैक की जाये। शौचालयों, वॉशबेसिन, पेयजल स्थलों, नलों, टंकियों व परिसर की नियमित सफाई की जाए।
परिसर में किसी भी प्रकार की गंदगी नहीं दिखनी चाहिए। चिकित्सालयों तथा क्वारंटीन सेंटर पर भी सभी मरीज, तैनात चिकित्सक व कर्मचारी मास्क, सैनिटाइजर का प्रयोग करें तथा सोशल डिस्टेंसिंग बनाये रखें। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. प्रतिमा श्रीवास्तव, डिप्टी सीएमओ डॉ. अविनाश कुमार, सीएमएस डॉ. राजकुमार सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।