कासगंज। आगरा के पारस अस्पताल ने जिला प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। अस्पताल से इलाज कराकर लौटे चार लोगों में कोरोना संक्रमण की आशंका के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन सतर्क हो गया है। चारों के नमूने सैंपल जांच के लिए भेजे हैं। इसके अलावा कोरोना संक्रमितों के संपर्क में आए चिह्नित किए गए लोगों के सैंपल भी भेजे जा रहे हैं।
पारस अस्पताल में इलाज कराने वाले लोगों में संक्रमण की आशंका बनी हुई है। कासगंज जिले के 6 मरीज ऐसे हैं जिन्होंने हाल फिलहाल में ही यहा इलाज करवाया है। इनमें एक व्यक्ति कस्बा पटियाली का है, एक व्यक्ति कासगंज के गांव नगला इतवारी का है, दो व्यक्ति गंजडुंडवारा, एक गांव रंजीतपुर, एक कस्बा सोरों का रहने वाला है।
इन लोगों की निगरानी प्रशासन ने बढ़ाई। चार लोगों के सैंपल जांच के लिए भेज कर होम क्वारंटीन कर दिया गया है। इसके अलावा पटियाली व नगला इतवारी निवासी दोनों लोग अभी तक वापस नहीं आए हैं। ये लोग आगरा व अलीगढ़ में ही अपना इलाज करवा रहे हैं।
संक्रमितों के दोबारा भेजे गए सैंपल
जिले में जो तीन कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। उनकी दोबारा जांच के लिए नमूने प्रयोगशाला भेजे गए हैं। 48 घंटे के बाद इनके नमूने लिए गए। इनकी रिपोर्ट अगले 48 घंटे में आने की संभावना है।
- पारस अस्पताल से इलाज कराकर लौटे चार लोगों के नमूने जांच को भेज दिए हैं। तीन संक्रमितों की पुन: जांच कराई जा रही है- डा. प्रतिमा श्रीवास्तव, सीएमओ।