कासगंज। स्वास्थ्य विभाग ने एक कोरोना संदिग्ध को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। उसके सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। इसके अलावा 210 लोगों को भी अपनी निगरानी में लिया है। जिले में कोरोना का खौफ लगातार बढ़ता ही जा रहा है। समीपवर्ती गांव में जयपुर से लौटे युवक में कोरोना के लक्षण मिलने पर युवक को जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। शहर की एक बस्ती में राजस्थान से आए एक युवक एवं उसके भाई में कोरोना लक्षण मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दोनों युवकों को जिला अस्पताल में आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया था इन दोनों के सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे थे लेकिन अभी तक इनकी रिपोर्ट नहीं मिली है।
इसके अलावा बाहरी राज्यों से आने वाले लोगों की जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार ग्रामीण क्षेत्रों में दस्तक दे रही हैं। इन टीमों के द्वारा इन क्षेत्रों में दिल्ली हैदराबाद कर्नाटक राजस्थान सहित अन्य राज्यों से आने वाले 210 और लोगों का परीक्षण करने के बाद अपनी निगरानी में ले लिया जिससे इनकी संख्या बढ़कर 534 हो गई है। अभी भी विभाग की टीमें ग्रामीण क्षेत्रों में दस्तक दे रहीं हैं। सीएमएस डॉ राजकिशोर का कहना है कि कोरोना के लक्षण मिलने पर एक युवक के सैंपल जांच को भेजे हैं। युवक को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है, जबकि दो युवकों की जांच रिपोर्ट अभी नहीं मिली है।