वृद्धाश्रम में लोगों की स्वास्थ्य जांच करती टीम
- फोटो : अमर उजाला
कोरोना संक्रमण की रफ्तार जिले में तेजी के साथ बढ़ रही है। गुरुवार को शहर स्थित वृद्धाश्रम में अधीक्षक सहित 42 लोग कोरोना संक्रमित निकले। जबकि अलग-अलग क्षेत्रों में एसडीएम करहल के चालक सहित 29 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए है। गुरुवार को जिले में कुल 71 संक्रमित पाए गए। जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1377 हो गई है। 25 संक्रमितों की अब तक मौत हो चुकी है, जबकि 1097 अब तक ठीक हो चुके हैं। 255 संक्रमितों का वर्तमान में उपचार चल रहा है।
ये भी पढ़ें- Corona In Agra: ताजनगरी में 39 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले, 2673 पहुंचा कुल आंकड़ा
शहर के ईशन नदी के किनारे स्थित वृद्धा आश्रम में बुधवार को सीएमओ के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया था। यहां कुछ वृद्ध बुखार से पीड़ित थे। सीएमओ के निर्देश पर गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने वृद्धाश्रम में वृद्धों की कोरोना जांच के लिए कैंप लगाया।
आश्रम के अधीक्षक, दो कर्मचारी व एक कर्मचारी का बच्चा और आश्रम में निवास करने वाले 38 वृद्ध कोरोना संक्रमित पाए गए। सीडीओ ईशा प्रिया के निर्देश पर सभी को आश्रम में ही आइसोलेट किया गया है। जिन वृद्धों और कर्मचारियों की रिपोर्ट निगेटिव प्राप्त हुई है उन्हें दूसरी मंजिल पर शिफ्ट किया गया है। शेष को नीचे के भवन में ही आइसोलेट कर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उपचार देना शुरू कर दिया है।
इसके अतिरिक्त गुरुवार को शहर के मोहल्ला राजा का बाग में छह, मोहल्ला अग्रवाल और कस्बा घिरोर में चार-चार, वहीं जागीर के नगला गिरंद, दन्नाहार के हलपुरा, बरौली, शहर के मोहल्ला कृष्णा नगर, मधाऊ, कटरा, देवपुरा, खरगजीत नगर में एक-एक कोरोना संक्रमित मिला है। सभी को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है। वहीं कस्बा करहल में एसडीएम के चालक, सप्लाई ऑफीसर, होमगार्ड और तहसील के एक लिपिक सहित सात कोरोना संक्रमित मिले हैं। सभी को होम आइसोलेट किया गया है।
सीडीओ ने वृद्धा आश्रम पहुंच जाना हाल
वृद्धाश्रम में एक साथ 42 लोगों के कोरोना संक्रमित मिलने की जानकारी मिलने पर सीडीओ ईशा प्रिया वृद्धा आश्रम पहुंच गईं। उन्होंने एसडीएम सदर के साथ आश्रम की व्यवस्थाओं को देखा। आश्रम के संक्रमितों को जिला अस्पताल और भोगांव स्थित कोविड वार्ड में भेजने की तैयारी चल रही थी। वृद्धा आश्रम में रह रहे 21 वृद्धों की रिपोर्ट निगेटिव प्राप्त हुई है।
करहल तहसील तीन दिन के लिए बंद
तहसील में एसडीएम के ड्राइवर सहित चार कोरोना संक्रमित मिलने के बाद तहसील करहल को तीन दिन के लिए बंद कर दिया गया है। एसडीएम रतन कुमार वर्मा ने बताया कि तहसील को सैनिटाइज कराया जाएगा। तहसील 28 अगस्त से 30 अगस्त तक बंद रहेगी।
सीएमओ स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ पहुंचे आश्रम
वृद्धा आश्रम में एक साथ 42 कोरोना संक्रमित मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग में खलबली मच गई। जिलाधिकारी के निर्देश पर सीएमओ डॉ. एके पांडेय स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ आश्रम पहुंचे। यहां स्वास्थ्य विभाग की एक टीम को संक्रमितों के उपचार के लिए तैनात किया गया है।