उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस के सबसे बड़े हॉटस्पॉट आगरा में संक्रमण के मामले थम नहीं रहे हैं। बुधवार को 19 और मरीज मिले। जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने देर रात इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि जिले में अब कुल संक्रमितों की संख्या 167 हो गई है।
अब पारस हॉस्पिटल से जुड़े 24, फतेहपुर सीकरी के 23 और घटिया स्थित डॉ मित्तल के संपर्क में आए पांच केस हो गए हैं। संक्रमित जमातियों की संख्या 76 से अधिक है। अब तक जिले में 2989 नमूने लिए गए। इनमें बुधवार को 209 नमूने लिए गए। इससे पूर्व मंगलवार को छह लोग कोरोना संक्रमित मिले थे।
आगरा जिले में अप्रैल माह में तेजी से कोरोना संक्रमण फैला है। मार्च माह में 12 मामले थे, जो अप्रैल में 167 हो गए। यानी 15 दिनों में 155 नए मरीज मिले। औसत देखा जाए तो हर दिन 10 से अधिक कोरोना मरीज मिल रहे हैं। जमातियों के बाद अब निजी अस्पताल जिला प्रशासन के लिए चुनौती बन गए हैं।
पूल टेस्टिंग होगी
आगरा के हॉटस्पॉट में बफर जोन से लिए नमूनों की पूल टेस्टिंग होगी। पांच-पांच नमूनों का पूल बनाया गया है। कुल 100 नमूने लिए गए हैं। हॉटस्पॉट के तीन किलोमीटर के रेड जोन के बाद के दो किलोमीटर के क्षेत्र को बफर जोन कहा जाता है। बफर जोन में रहने वाले सभी लोगों के नमूने लेकर जांच की जाएगी।