31एमएनपी-23- एंबुलेंस चालकों व ईएमटी से वार्ता करते जिलाधिकारी
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। लॉकडाउन को लेकर लोगों के मन में कई प्रकार के सवाल है। वे जानना चाहते हैं कि आखिर उन्हें क्या करने की अनुमति है और क्या करने की नहीं। ऐसे ही कुछ लोगों के सवालों का अमर उजाला के माध्यम से जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह ने जवाब दिया।
सवाल: मैं करहल रोड पर रहता हूं और मैने दीवानी रोड स्थित अपने प्लॉट पर गाय पाल रखी है। क्या मैं सुबह शाम वहां जा सकता हूं।
गोविंद, करहल रोड।
जवाब: इस समय कोरोना से बचाव ही प्राथमिकता है। कोई भी कार्य करते समय ये ध्यान रखें कि सामाजिक दूरी का पालन होना चाहिए।
सवाल: गलियों में जो लोग सब्जी या फल बेचने आते हैं वे कीमत सही ले रहे हैं या नहीं ये कैसे पता चलेगा।
सुजीत कुमार, गाड़ीवान
जवाब: जिला प्रशासन की ओर से सब्जी और फलों की कीमत निर्धारित कर दी गई है। इसकी सूची भी सार्वजनिक कर दी गई है। इसी कीमत पर आप फलों और सब्जी की खरीदारी करें। अगर कोई अधिक कीमत मांगता है तो सूचित करें।
सवाल: परचून का सामान खरीदने के लिए क्या व्यवस्था की गई है।
हरीसिंह, आगरा रोड।
जवाब: शहर में क्षेत्रवार दुकानदार नामित कर उनके मोबाइल नंबर सार्वजनिक किए गए हैं। इनसे फोन कर घर पर ही जरूरत का सामान मंगाया जा सकता है।
सवाल: बीमारी के चलते चिकित्सक को हर तीसरे दिन दिखाने जाना पड़ता है। चेकिंग होने पर समस्या आती है।
प्रदीप कुमार, लाखनमऊ।
जवाब: चिकित्सक के उपचार की फाइल साथ लेकर जाएं। अगर कोई चेकिंग करता है तो नियमित जांच की फाइल उसके सामने प्रस्तुत करें। जितना हो सके कम ही घर से निकलें।