टीकाकरण: कोरोना की वैक्सीन लगवाती महिला
- फोटो : अमर उजाला
ताजनगरी में टीके की किल्लत है। सोमवार के लिए 16500 डोज ही मिली हैं। ऐसे में तय किया गया है कि स्लॉट बुक कराने वाले 18 से 44 साल के लोगों को ही टीका लगेगा। हालांकि 45 से अधिक उम्र के लोगों को पूर्व के अनुसार मौके पर ही पंजीकरण कर टीका लगाया जाएगा।
सीएमओ डॉ. आरसी पांडेय ने बताया कि 16,500 डोज में से 10 हजार डोज देहात के लिए तय की गई हैं। पांच ब्लॉकों में 100 बूथों पर इन्हें लगाया जाएगा। बची हुई 6500 डोज शहर के केंद्रों के लिए हैं। इनमें से 3000 डोज 45 से अधिक उम्र के लोगों के लिए हैं। इनको बूथों पर मौके पर ही पंजीकरण कराते हुए टीका लगेगा। 3500 डोज 18 से 44 साल के लिए तय की हैं। यह उन्हीं लोगों को लगाई जाएगी, जिन्होंने स्लॉट बुक कराए हैं। बिना स्लॉट बुक कराए गए लोगों को टीका फिलहाल नहीं लगेगा। जेपी सभागार और एसएन कॉलेज में कोवाक्सिन कंपनी की डोज लगेगी।
दो घंटे में 3500 ने कराई बुकिंग
टीकाकरण के लिए स्लॉट खुलने के दो घंटे में ही 18 से 44 साल के 3500 लोगों ने बुकिंग करा दी। इस दौरान सर्वर की भी दिक्कत रही।