कोसीकलां (मथुरा)। गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। लॉकडाउन की वजह से कूलर-पंखों की मरम्मत नहीं हो पा रही है। दुकानें बंद होने की वजह से इलेक्ट्रॉनिक सामान नहीं मिल रहा है। बिजली मिस्त्री न मिलने पर लोग खुद ही कूलर, पंखे और फ्रिज की मरम्मत करने की कोशिश कर रहे हैं।
गर्मी बढ़ने से लोगों को कूलर-पंखों की ज्यादा जरूरत महसूस होने लगी है। खराब पड़े कूलर, पंखों की मरम्मत न हो पाने से लोग परेशान हैं। कूलर की मरम्मत करने वाले विनोद अग्रवाल का कहना था कि गर्मियों के दिन शुरू होने पर करीब एक दर्जन से अधिक स्थानों पर कूलर बनना शुरू हो जाते थे। जबकि दुकानों पर कंपनी के अलावा लोकल कूलर की बिक्री भी मार्च के महीने से शुरू हो जाती थी।
इस बार सब बंद पड़ा है। राजेंद्र सैनी का कहना था कि बाजार बंद होने से न तो लोकल स्तर पर कूलर बन पा रहे हैं और न ही दुकानें खुल सकी हैं। ऐसे में अब लोग लॉकडाउन खुलने के लिए तीन मई का इंतजार कर रहे हैं। एसी विक्रेता विजय अग्रवाल का कहना था कि लॉकडाउन होने से अप्रैल माह में होने वाली बिक्री पूरी तरह से ठप हो गई है।