मिट्टी से भरे ट्रैक्टर के गांव से गुजरने पर विवाद, वीडियो वायरल
पिनाहट। थाना मंसूखपुरा क्षेत्र के गांव पोखपुरा में मिट्टी से भरी ट्रॉली लेकर गांव के बीच से गुजर रहे ट्रैक्टर को लेकर विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वायरल वीडियो शनिवार का बताया जा रहा है। वीडियो करीब एक मिनट 13 सेकेंड का है।
ट्रैक्टर गांव के बीच से मिट्टी लेकर जा रहा था। इसी दौरान एक ग्रामीण ने उसका वीडियो बनाना शुरू कर दिया, जिससे नाराज होकर ट्रैक्टर चालक और ग्रामीण के बीच कहासुनी हो गई। वीडियो में दोनों के बीच बहस होती दिखाई दे रही है। बाद में गांव के ही एक व्यक्ति ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। ग्रामीणों का आरोप है कि बहस के दौरान चालक ने ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश भी की, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया। क्षेत्र में लगातार अवैध खनन की गतिविधियां चलने को लेकर ग्रामीणों में रोष है। लोगों का कहना है कि खनन माफिया बेखौफ होकर मिट्टी का अवैध खनन कर रहे हैं, लेकिन संबंधित विभागों की ओर से प्रभावी कार्रवाई न होने के कारण उनके हौसले बुलंद हैं।