आगरा में भारी बारिश के बीच आपदा राहत कंट्रोल रूम फेल हो गया। यहां लोग फोन करते रहे, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुए। डीएम के निर्देश के 24 घंटे बाद व्यवस्थाएं सुधरीं।
आगरा में एक तरफ बारिश कहर बरपा रही है, दूसरी तरफ आपदा राहत का कंट्रोल रूम फेल हो गया है। बृहस्पतिवार को दिनभर लोग फोन लगाते रहे लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। सुनवाई नहीं होने से निराश लोग राहत व बचाव कार्य के लिए भटकते रहे।
विज्ञापन
खराब मौसम और मूसलाधार बारिश के कारण जिलाधिकारी भानु चंद्र गोस्वामी ने बुधवार शाम को कंट्रोल रूम खोलने के निर्देश दिए थे। बृहस्पतिवार शाम 4 बजे तक कंट्रोल रूम नहीं खुल सका। शिकायत जब डीएम तक पहुंची, तब शाम 4 बजे कंट्रोल रूम सक्रिय हुआ। रात 9 बजे तक कंट्रोल रूम पर 5 शिकायतें दर्ज कराई जा चुकी थीं।
विज्ञापन
बीघा नगर निवासी काजल ने बिजली और पानी सप्लाई बंद होने, एत्मादपुर नगला गोला निवासी मोनू ठाकुर ने मकान की दीवारों में दरार आने और उंदेरा गांव में बाढ़ जैसे हालात बनने की शिकायत दर्ज कराई गई है।
बाढ़ नियंत्रण कक्ष के फोन नंबर
आपदा व राहत कार्यों के लिए प्रशासन ने बुधवार को 0562-2260550 और 9458095419 नंबर जारी किया है। गिरासू मकानों को चिह्नित करने के लिए नगर निगम के कंट्रोल रूम नंबर 9319406053 पर बार-बार कॉल लगाने के बाद भी रिसीव नहीं हो सका।