टूंडला। पांच माह का पूरा वेतन न मिलने से ठेका कर्मचारियों में आक्रोश है। वह मंगलवार से सत्याग्रह शुरू करने जा रहे हैं। नगर पालिका टूंडला के ठेका सफाई कर्मचारियों को शासन द्वारा आश्वासन दिया गया था कि 31 दिसंबर तक उन्हें जुलाई, अगस्त, सितंबर, अक्तूबर और नवंबर तक का पूरा वेतन और पुराने कुछ माह की अवशेष राशि को मिला कर एक साथ भुगतान कर दिया जाएगा, लेकिन सोमवार को ऐसा नहीं हुआ। जिसको लेकर कर्मचारियों में रोष छा गया।
कर्मचारी नेताओं विनय, अमित, करन, विक्रम, रिंकू, मनोज आदि का आरोप है कि भाजपा सरकार ही वाल्मीकि समाज का सम्मान कर रही है। सरकार द्वारा सभी सफ़ाई कर्मचारियों का पूरा पैसा पालिका को दिया है।अधिकारी अपने बंदरबांट के चक्कर में गरीब सफ़ाई कर्मचारी के धन में चोरी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय का आदेश ना मानते हुए कॉन्ट्रेक्टर कमीशन काटकर कर्मचारियों को भुगतान किया गया है।
उन्होंने जब वेतन भुगतान में कटौती और उसमें वित्त अभियन्ताओं की शिकायत उच्च अधिकारियों से की तो उनका जवाब एवं काग़जात संतोषजनक नहीं पाए गए। जिसके विरोध में सभी ठेका कर्मचारियों ने नगर पालिका परिषद में अपनी मेहनत की कमाई में अध्यक्ष नगर पालिका एवं अधिकारियों की मिलीभगत से डाका डाला गया। कर्मचारी नेताओं ने ऐलान किया है कि इस बंदरबांट के विरोध में परिसर में ही सत्याग्रह किया और मंगलवार से पूरे नगर की सफ़ाई व्यवस्था को पूरी तरह ठप कर दिया जायेगा।
कर्मचारी नेताओं द्वारा लगाए आरोप निराधार हैं। शासन से आवंटित राशि कर्मचारियों के खाते में ट्रांसफर कर दी गई है। जो कुछ शेष रह गया है वह भी ग्रांट आते ही दिया जाएगा। सफाई व्यवस्था ठप नहीं होने दी जाएगी।
मुकेश कुमार, अधिशासी अधिकारी-नपाप टूंडला