मथुरा के थाना मांट क्षेत्र में शनिवार की सुबह यमुना एक्सप्रेसवे पर हादसा हो गया। एक्सप्रेसवे पर माइलस्टोन 101 के समीप एक कंटेनर रेलिंग से टकराने के बाद पुलिया पर पलट गया। कंटेनर का आधा हिस्सा पुलिया पर रह गया और आधा नीचे सड़क पर गिर गया। हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक कंटेनर आगरा से नोएडा की तरफ जा रहा था। उसकी रफ्तार तेज थी। एक्सप्रेसवे पर माइलस्टोन 101 के समीप बनी पुलिया पर कंटेनर अचानक अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकराने के बाद पलट गया। कंटेनर का आधा हिस्सा नीचे एक्सप्रेसवे से गिर गया और आधा हिस्सा एक्सप्रेसवे ऊपर रह गया।
नींद की झपकी के कारण हुआ हादसा
हादसे में कंटेनर चालक नरसिंह निवासी दैनी वाली दांडी हिंगोली सूरपुरा खुर्द जोधपुर राजस्थान गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से घायल चालक को अस्पताल भेजा, जहां उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि चालक को नींद की झपकी आने के कारण हादसा हुआ है। कंटेनर को क्रेन से हटवाया गया है।