कुसमरा (मैनपुरी)। गांव जवापुर के कंटेनर चालक की चंदौली में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। घटना की जानकारी पर पहुंचे परिजनों ने मौके पर ट्रांसपोर्ट मालिक के नहीं आने से गुस्साए परिजन और ग्रामीणों ने कंपनी के आठ कैंटरों को कब्जे में ले लिया और गांव लाकर खड़ा कर लिया। मृत चालक के परिजन मुआवजा दिलाने की मांग कर रहे थे। हालांकि देरशाम तक ट्रांसपोर्ट स्वामी गांव नहीं पहुंच।
थाना किशनी क्षेत्र के गांव जवापुर निवासी उदयवीर शाक्य (28) फरीदाबाद में संजय ट्रांसपोर्ट कंपनी का कंटेनर चलाता था। वह शनिवार को नोएडा से एक कंपनी के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण कंटेनर में लादकर चंदौली जा रहा था। चंदौली के पास उदयवीर के कंटेनर के टायर में गिट्टी फंस गई। उदयवीर टायर में से गिट्टी निकाल रहा था। तभी सामने से आ रहे ट्रॉला ने उसमें टक्कर मार दी थी। हादसे में उदयवीर की मौके पर ही मौत हो गई थी। हादसे की सूचना कैंटर मालिक को दी गई लेकिन वह मौके पर नहीं आया।
पोस्टमार्टम के बाद सोमवार सुबह परिजन शव लेकर गांव आ गए। इसके साथ ही संजय ट्रांसपोर्ट के आठ कंटेनर भी गांव लाकर खड़े कर लिए। मृतक के परिजन मुआवजे की मांग करने लगे। परिजनों ने कहा कि मालिक परिवार को सांत्वना देने नहीं आता तब तक कंटेनर नहीं छोड़ेंगे। इधर, सोमवार को गमगीन माहौल के बीच उदयवीर के शव का अंतिम संस्कार किया गया। मामले में पुलिस को भी किसी पक्ष की ओर से सूचना नहीं दी गई है।
ढाई साल पहले हुई थी उदयवीर की शादी
परिजनों के मुताबिक, उदयवीर की शादी करीब ढाई वर्ष पूर्व विमलेश के साथ हुई थी। उदयवीर के एक वर्ष की पुत्री अदिति है। उदयवीर अपने परिवार में अकेले कमाने वाला था और अब उसकी मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक समस्या खड़ी हो गई है।