पिनाहट। चंबल नदी के उसैद-पिनाहट पांटून पुल का निर्माण मंगलवार दोपहर मध्य प्रदेश वन विभाग ने रुकवा दिया। इससे दोनों प्रदेशों के ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।
उत्तर प्रदेश के आगरा पीडब्ल्यूडी विभाग की ओर से हर वर्ष की तरह इस बार भी ठेकेदार के कर्मचारी पांटून पुल तैयार कर रहे हैं। सोमवार को कर्मचारियों ने दोनों सीमाओं को जोड़ने के लिए पुल को सीधा लगाने का काम किया था। मंगलवार को निर्माण कार्य चल रहा था, तभी मध्य प्रदेश वन विभाग के कर्मचारियों ने अपनी सीमा में पुल का कार्य रुकवा दिया। आरोप है कि पुल की बिछाई जाने वाली सतह तैयार करने के लिए रखी रेत से भरी प्लास्टिक की बोरियों को भी फाड़ दिया गया और मजदूरों को काम करने से रोक दिया गया। पुल निर्माण रुकने की जानकारी मिलने पर वरिष्ठ भाजपा नेता गजेंद्र सिंह तोमर और अंबाह ग्रामीण मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र तोमर कक्का के नेतृत्व में दर्जनों ग्रामीण अंबाह स्थित वन विभाग कार्यालय पहुंचे। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने पूरे घटनाक्रम से मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर और सांसद शिवमंगल सिंह तोमर को अवगत कराया। दोनों जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश के बाद निर्माण कार्य की अनुमति मिल गई। मंगलवार शाम को पुल का निर्माण दोबारा शुरू कर दिया गया। 6 अगस्त से मोटरबोट बंद होने के कारण करीब 150 गांवों के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पुल को 30 अक्तूबर तक चालू करने का लक्ष्य रखा गया है।
पांटून पुल का निर्माण कार्य जारी है। दीपावली से पूर्व पुल पर आवागमन शुरू कराने का प्रयास किया जा रहा है। - हरीश कुमार, सहायक अभियंता, पीडब्ल्यूडी