यूपीएमआरसी के प्रोजेक्ट डायरेक्टर अरविंद राय ने बताया कि पहला कॉरिडोर ताज पूर्वी गेट से सिकंदरा तक बनेगा। इसमें 13 स्टेशन हैं और ताज पूर्वी से मन:कामेश्वर स्टेशन तक मेट्रो का संचालन हो रहा है। इसके अंतिम तीन स्टेशन आईएसबीटी, गुरु का ताल और सिकंदरा एलिवेटेड स्टेशन हैं। इसमें आईएसबीटी पर पिलर बनाने का कार्य पूरा हो चुका है, स्टेशन बनाने का कार्य चल रहा है।
ये भी पढ़ें - UP Weather: यूपी में प्री-मानसून ने दी दस्तक, आगरा में झमाझम बारिश...गर्मी से मिलेगी राहत
उन्होंने बताया कि गुरु के ताल कट पर स्टेशन बनेगा। इस पर फुट ओवर ब्रिज की भी सुविधा होगी। इसके कुछ मीटर पहले ही नया कट बनाया जा रहा है। इसके लिए रैलिंग तोड़कर कार्य शुरू कर दिया है। इसी से सर्विस रोड की ओर भी रास्ता दिया जाएगा। ये कट बनने के बाद गुरुद्वारा के सामने वाला कट बंद कर दिया जाएगा। स्टेशन बनने के बाद फिर से ये कट शुरू कर दिया जाएगा और अस्थायी कट को बंद कर दिया जाएगा। इससे यातायात प्रभावित नहीं होगा। गुरु के ताल पर बने फुट ओवर ब्रिज को भी हटाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसके ऊपर से एलिवेटेड ट्रैक गुजारा जाएगा। खंदारी तक सितंबर और सिकंदरा तक अगले साल मार्च तक कार्य पूरा करने का लक्ष्य है। इस तरह से मार्च, 2026 तक ताज पूर्वी से सिकंदरा तक लोग मेट्रो ट्रेन में सफर कर सकेंगे।