चौकी प्रभारी की कुर्सी पर बैठा कुत्ता
विगत माह आगरा में कुत्ते पर सड़क बनाने का मामला कई दिनों तक सुर्खियों में रहा था। अब एक और मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। इस बार पुलिस ने एक आवारा कुत्ता को पकड़ कर इलाके के बाहर छोड़ दिया है।
दरअसल, थाना बरहन की आंवलखेड़ा पुलिस चौकी में प्रभारी की कुर्सी पर बैठे कुत्ते की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। चर्चा है कि मीडिया में आने के बाद कुत्ते को पकड़ने के लिए दो सिपाही लगाए गए। शनिवार को सिपाहियों ने कुत्ते को पकड़ लिया।
इसके बाद चौकी प्रभारी की कुर्सी पर बैठने वाले कुत्ते को पुलिस ने शनिवार को पकड़ कर जलेसर क्षेत्र में छोड़ दिया। अब यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है। वहीं निजी कर्मचारी युवक को भी नौकरी से हटा दिया गया।
युवक को चौकी पर खाना बनाने के लिए रखा गया था। वो शुक्रवार को कहीं चला गया था। पुलिस भी नहीं थी। इसी बीच कुत्ता कुर्सी पर बैठ गया था। तभी किसी ने फोटो खींच लिया। फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।