एटा में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के बढ़ते दामों और केंद्र, प्रदेश सरकार की नीतियों के विरोध में सोमवार को कांग्रेस का भारत बंद बेअसर नजर आया। कांग्रेस ने जुलूस निकाला और सपा ने धरना दिया। इस दौरान दोनों दलों ने डीएम को ज्ञापन देकर महंगाई का विरोध किया।
समाजवादी पार्टी के धरने के दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ नजर आई। सपाइयों ने जीटी रोड स्थित कार्यालय से जुलूस निकाला और धरना स्थल पर केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
सभा को जिला पंचायत अध्यक्ष जुगेंद्र सिंह यादव और सपा छात्र सभा के प्रदेश सचिव और जिला प्रभारी जीशान अहमद ने संबोधित किया। इसके बाद सपा नेताओं ने एसडीएम को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।
तांगे पर सवार होकर निकाला जुलूस
तांगे पर सवार होकर कांग्रेस नेताओं ने जताया विरोध
- फोटो : अमर उजाला
जिला कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को भारत बंद के दौरान बाजार बंद कराने में भले ही सफलता न पाई हो, लेकिन तांगे पर सवार होकर जुलूस निकाला। कांग्रेस नेता और कार्यकर्ताओं ने तांगे पर सवार होकर गली धानमील स्थित कार्यालय से जुलूस निकाला।
जुलूस जीटी रोड, ठंडी सड़क, नन्नूमल चौराहा, मेहता पार्क, घंटाघर, गांधी मार्केट, कचहरी होता हुआ कलक्ट्रेट पर पहुंचा। जहां कांग्रेस नेताओं ने डीएम आईपी पांडेय को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान भारतीय किसान यूनियन ने भी कांग्रेस के धरनेको समर्थन दिया।
पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों के विरोध में कम्युनिस्ट पार्टी ने बाइक रैली निकाली। इस दौरान माकपाइयों ने सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। बाइक रैली कलक्ट्रेट पर पहुंचकर समाप्त हुई। जहां एडीएम को ज्ञापन सौंपा गया।
सपा, कांग्रेस और माकपा के विरोध प्रदर्शन को लेकर शहर में जगह-जगह पुलिस बल तैनात रहा। बाजारों के साथ धरना प्रदर्शन स्थल पर पुलिस के जवान मुस्तैद नजर आए।