पुलिस ने कांग्रेस के युवा नेता को किया नजरबंद
- फोटो : अमर उजाला
आगरा में वरिष्ठ कांग्रेस जन संघर्ष समिति के कार्यकर्ताओं ने नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के समर्थन में होने वाली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की रैली में काले झंडे दिखाने और काले गुब्बारे उड़ाकर विरोध करने का एलान किया है। इस पर पुलिस ने बृहस्पतिवार को एलान करने वाले कांग्रेस नेता को उनके घर में ही नजरबंद किया है।
जगदीशपुरा स्थित मंदिर में बुधवार को आयोजित बैठक में समिति के जिलाध्यक्ष संजय शर्मा ने कहा कि सीएए के समर्थन में होने वाली रैली का कांग्रेसजन विरोध करेंगे। जब जिला प्रशासन धारा 144 का हवाला देकर किसी प्रदर्शन या रैली की अनुमति नहीं दे रहा है तो भाजपा की रैली कैसे की जा रही है।
मीडिया प्रभारी नदीम नूर ने कहा कि सीएए का हर सांप्रदायिक सद्भाव में यकीन रखने वाला व्यक्ति विरोध कर रहा है। यह कानून देश के बुनियादी ढांचे के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि समिति से जुड़े लोग कोठी मीना बाजार पर विरोध प्रदर्शन करेंगे। काले झंडे और गुब्बारे उड़ाए जाएंगे। विरोध के एलान पर बृहस्पतिवार सुबह ही पुलिस ने कांग्रेस के युवात नेता नदीम नूर के घर पहुंच गई और उनके नजरबंद कर दिया है।