कासगंज। बेसिक शिक्षा परिषद के प्राथमिक एवं उच्चप्राथमिक विद्यालयों में इस बार होली पर्व के अवकाश की स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है। महानिदेशक बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा जारी किए गए पत्र में पर्व पर छुट्टी का कोई जिक्र नहीं है। बल्कि पर्व की तिथियों के दौरान मूल्यांकन एवं परीक्षाफल तैयार करने की तिथियां घोषित कर दी गई हैं। इसको लेकर शिक्षक नेताओं और शिक्षकों में नाराजगी है।
बेसिक शिक्षा विभाग का वार्षिक परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। कार्यक्रम में 27 से 30 मार्च तक मूल्यांकन और परीक्षाफल तैयार करने के आदेश दिए गए हैं। 28 मार्च को होलिका दहन है। 29 मार्च को रंगोत्सव है जबकि 30 मार्च को दूज है। महानिदेशक द्वारा जारी किए गए कार्यक्रम में इन तीनों ही तिथियों में अवकाश का कोई जिक्र नहीं किया गया है। इसको लेकर शिक्षक परेशान हैं। शिक्षकों की मांग है कि होली पर्व पर अवकाश होना चाहिए।
यह है परीक्षा कार्यक्रम-
- 22 मार्च को जनपद स्तर पर समयसारिणी एवं निर्देशों का परीक्षण।
- 24 मार्च को प्रश्नपत्र मुद्रण एवं केंद्रीय विद्यालयों को वितरण।
- 25-26 मार्च वार्षिक परीक्षा का आयोजन।
- 27-30 मार्च तक मूल्यांकन एवं परीक्षाफल तैयार किया जाना।
- 31 मार्च परीक्षाफल की घोषणा।
शिक्षक नेताओं की बात-
- महानिदेशक द्वारा शासन स्तर से जो परीक्षा कार्यक्रम जारी किया गया है। उसमें होली पर्व पर अवकाश का कोई जिक्र नहीं है। होली का यह बड़ा पर्व है। कार्यक्रम में परिवर्तन किया जाना चाहिए। - शुभनेश यादव, जिलाध्यक्ष, प्राथमिक शिक्षक संघ।
- कार्यक्रम में बदलाव जरूरी है। क्योंकि स्थानीय शिक्षक तो कुछ हद तक पर्व मना भी लेंगे, लेकिन गैर जिलों के शिक्षक छुट्टी न होने के कारण किस तरह पर्व मनाएंगे। पर्व पर उन्हें घर जाने के लिए अवकाश की जरूरत है - देवेंद्र यादव, जिलाध्यक्ष, जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ।