आगरा में भाजपा ने अभी पार्षद प्रत्याशी के नाम की घोषणा नहीं की है लेकिन विरोध के स्वर उठना शुरू हो गए हैं। मंगलवार को हुई पार्टी की बैठक के बाद जो खबरें बाहर निकली हैं उनके मुताबिक शहर में कई वार्डों में पार्षद के टिकट को लेकर कार्यकर्ता भाई-भतीजावाद का आरोप लगा रहे हैं। इस मामले में कुछ कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को क्षेत्रीय संगठन मंत्री भवानी सिंह से मिलकर असंतोष व्यक्त किया है।
भारतीय जनता पार्टी में शुरू से ही पार्षद और मेयर का टिकट पाने के लिए लंबी कतार थी। मेयर पद पर करीब 58 आवेदन आए थे तो पार्षद के लिए 100 वार्डों में करीब 1086 आवेदन मिले थे। प्रदेश संगठन मंत्री सुनील बंसल ने शहर में बैठक के दौरान स्पष्ट कहा था कि टिकट केवल कार्यकर्ताओं को दिए जाएंगे।
जिन लोगों ने आवेदन किया है उन्हीं के नाम पर विचार होगा। सूत्रों का कहना है कि पार्षद प्रत्याशियों का एलान बुधवार को कर दिया जाएगा लेकिन मंगलवार दोपहर में हुई स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक के बाद जो नाम बाहर आए हैं उन्हें लेकर नाराजगी है। वार्ड 94 में टिकट संघ के पदाधिकारी के पुत्र को दिए जाने हैं खबर है।