आगरा में दो दिन ओपीडी बंद रहने के कारण मंगलवार को एसएन मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल और लेडी लॉयल में मरीजों की भारी भीड़ टूटी। धक्कामुक्की और मारामारी हुई। पर्चा काउंटर और चिकित्सक के चैंबर में भीड़ होने से मरीजों को तीन घंटे तक इलाज के लिए इंतजार करना पड़ा। कई मरीज बेहाल होकर जमीन पर लेट गए। भीड़ अधिक होने से डॉक्टरों ने तीन बजे तक मरीज देखे।
एसएन ओपीडी प्रभारी डॉ. यतेंद्र चाहर ने बताया कि ओपीडी में 2,886 मरीज आए। सुबह काउंटर पर मरीज जल्दी पर्चा बनवाने के लिए धक्कामुक्की करने लगे। इस पर तीन अतिरिक्त गार्ड लगाए और मरीजों की लाइन लगवाई। सुबह 10 से 12 बजे तक सबसे ज्यादा भीड़ रही। मरीज अधिक होने पर तीन बजे तक ओपीडी संचालित रही, वैसे दो बजे तक का समय है।
जिला अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक डॉ. अशोक अग्रवाल ने बताया कि रक्षाबंधन और स्वतंत्रता दिवस के बाद मरीजों की संख्या डेढ़ गुना बढ़ गई। मंगलवार को 4,019 मरीज आए। काउंटर पर भीड़ बढ़ने पर दो कर्मचारी अतिरिक्त लगाकर हाथ से पर्चे बनवाए। लेडी लॉयल की मुख्य अधीक्षक डॉ. रेखा गुप्ता ने बताया कि ओपीडी में 490 मरीज आए। भीड़ अधिक होने के कारण डॉक्टरों के चैंबर के बाहर लंबी लाइन लग गईं। तीन बजे तक मरीजों को देखा गया।
मरीजों की पीड़ा
धक्कामुक्की से हुई परेशानी
एसएन में सुबह नौ बजे ओपीडी आ गई थी। गेट के बाहर तक लाइन लगी थी। करीब एक बजे पर्चा बन पाया। धक्कामुक्की से भी परेशानी हुई।
-नन्ही, खेरागढ़
ढाई घंटे लाइन में खड़ी रही
एसएन में पर्चा बनवाने के लिए मारामारी हो रही थी। ढाई घंटे तक लाइन में खड़े रहने से परेशान हो गई तो अपने परिजन लाइन में लगाने पड़े। -रूबी रामबाग
दो घंटे में पर्चा बन सका
दो घंटे में पर्चा बनवाकर एसएन में त्वचा रोग विभाग में डॉक्टर को दिखाने पहुंचा, यहां भी एक घंटे बाद नंबर आया। आधा घंटा दवा लेने में लग गए।
-सचिन कुमार, शाहगंज