आगरा। स्मार्ट सिटी के अधूरे कार्यों को जल्द पूर्ण कराएं। विभागों के साथ तालमेल से काम करें। जून तक पानी, सड़क व अन्य कार्यों को हर हाल में पूरा करें। ये निर्देश सोमवार को जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट की समीक्षा बैठक में दिए।
नगर निगम स्थित स्मार्ट सिटी कार्यालय में बैठक हुई। अपर नगर आयुक्त एसपी यादव ने बताया कि 19 कार्यों में 12 कार्य पूरे हो चुके हैं। सात अधूरे कार्य जून तक पूरे हो जाएंगे। लिंक रोड व छोटी सड़कें शामिल हैं। कई इलाकों में पेयजल कार्य अधूरे पड़े हुए हैं। बैठक में मेट्रो के लिए जमीन को लेकर भी चर्चा की गई। चिह्नित जमीनों की पैमाइश की बात कही। स्मार्ट सिटी कार्यों के दौरान मेट्रो के समन्वय बनाने पर जोर दिया गया। बैठक में एडीएम सिटी अंजनी कुमार सिंह, एडीए सचिव राजेंद्र त्रिपाठी व स्मार्ट सिटी कंपनी के अधिकारी मौजूद रहे।