घंटों लेटकर-बैठकर टीवी-मोबाइल देखने से लोगों की आंखों में दर्द-जलन की परेशानी आ रही है। गर्दन, कमर और पैरों में दर्द हो रहा है। सूजन और सुन्नपन की भी परेशानी है। हड्डी रोग विशेषज्ञ और फिजियोथेरेपिस्ट से परामर्श लेने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
लॉकडाउन में ऑफिस और कामकाज बंद हैं। इससे लोगों की दिनचर्या भी पूरी तरह से बदल गई है। व्यायाम और पैदल चलना भी नहीं हो पा रहा। ऐसे में लोग एक ही स्थान पर लेटकर या फिर बैठकर टीवी-मोबाइल देखकर अधिकांश समय बिता रहे हैं। इससे मांसपेशियों में दर्द, कमर, पीठ दर्द के साथ शरीर में जकड़न हो रही है। इनमें हर उम्र के लोग हैं।
ये भी पढ़ें: लापरवाह सिस्टमः स्ट्रेचर न व्हीलचेयर, घिसटते हुए पहुंचते मरीज, वार्ड ब्यॉय भी नहीं मिला
पैरों में दर्द, सूजन की समस्या
फोन पर मरीज कमर, पैरों में दर्द और सूजन की परेशानी बता रहे हैं, सामान्य दिनों के मुकाबले लगभग 30 फीसदी मरीज ज्यादा हो गए हैं। फोन पर पूछने पर पता चला कि औसतन रोजाना दिन में पांच से आठ घंटे तक बैठना-लेटना रहता है।
-डॉ. सीपी पाल, हड्डी रोग विभागाध्यक्ष, एसएन मेडिकल कॉलेज
लेटकर टीवी देखने से कंधों में दर्द
लेटकर टीवी देखने से गर्दन और कंधों में भी दर्द हो रहा है। इनमें युवाओं की संख्या लगभग 40 फीसदी है। -डॉ. डीवी शर्मा, वरिष्ठ हड्डी रोग विशेषज्ञ
गठिया, मोटापा के रोगी ज्यादा परेशान
गठिया, मोटापा के रोगियों को यह परेशानी ज्यादा गंभीर हो गई है। ऐसे मरीजों को फोन पर व्यायाम करने के लिए बताया जा रहा है। -डॉ. अतुल शर्मा, फिजियोथेरेपिस्ट, एसएन मेडिकल कॉलेज
ये करें:
- कुर्सी पर 30-40 मिनट बैठने के बाद कुछ देर टहलें।
- सीधे बैठकर टीवी देखें, बीच-बीच में चहलकदमी करें।
- सुबह-शाम छत पर रोजाना 20-30 मिनट तक तेज गति से टहलें।
- योग को नियमित करने की आदत डालें।
- लेटते वक्त मोटा तकिया न लगाएं।