हिट एंड रन मामले में घायल गाइड को देखने पहुंचे उच्च शिक्षा मंत्री फोटो स्वयं
- फोटो : संवाद
फतेहपुर सीकरी। ग्यारह फरवरी को आईटीसी मुगल होटल में हिट एंड रन केस में प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद पुलिस घटनास्थल से सीसीटीवी फुटेज लेने में लापरवाही बरत रही है। पीड़ित टूरिस्ट गाइड की पुत्री ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय से शिकायत की है।
फतेहपुर सीकरी के मूल निवासी वर्तमान में केदार नगर में रह रहे यूपी पर्यटन के गाइड रितेश शुक्ला 11 फरवरी दोपहर करीब दो बजे अपनी विदेशी पर्यटकों के साथ होटल आईटीसी मुगल पहुंचे थे। होटल के पोर्च पर पहुंची कार से विदेशी पर्यटक का हैंडबैग निकालने के दौरान तेज गति से आई कार टूरिस्ट गाइड को टक्कर मारती हुई निकल गई। होटल परिसर में घटी हिट एंड रन केस में पर्यटक के कूल्हे के नीचे की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया। घटना की सूचना शाम करीब 7:00 बजे बाद पुलिस कंट्रोल रूम पर दर्ज कराई गई। पीआरबी पुलिस टीम ने शहीद नगर स्थित उपाध्याय अस्पताल पहुंचकर पीड़ित एवं अन्य लोगों से घटना की जानकारी हासिल की। थाना ताजगंज में पीड़ित टूरिस्ट गाइड रितेश शुक्ला की ओर से 14 फरवरी को उनकी पुत्री आस्था शुक्ला ने घटना की तहरीर दी। पीड़ित टूरिस्ट गाइड का आरोप है प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस अभी तक घटना के सीसीटीवी फुटेज प्राप्त नहीं कर सकी है। गत दिवस साकेत हॉस्पिटल में टूरिस्ट गाइड रितेश शुक्ला का हाल-चाल जानने पहुंचे प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय से पीड़ित की पुत्री एवं अन्य लोगों ने ताजगंज पुलिस की लापरवाही की शिकायत की। उच्च शिक्षा मंत्री ने मामले में शीघ्र ही कार्रवाई करने के निर्देश दिए।