शिकायतकर्ता ने किया मैरिज होम संचालक से समझौता
घर के बाहर हड्डियां फेंकने और पीटने का लगाया था आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
करहल। मोहल्ला सराय भटेला में एक मैरिज होम संचालक और पड़ोसी के बीच हुए विवाद में दोनों पक्ष ने समझौता कर लिया। पीड़ित पक्ष की ओर से मैरिज होम संचालक पर घर के सामने हड्डियां आदि गंदगी फेंकने व पीटने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था।
थाना क्षेत्र के मोहल्ला सराय भटेला निवासी कांती देवी ने चार मई को शिकायत दर्ज कराई थी। इसमें कहा था कि घर के पास केजीएन मैरिज होम में आए दिन कार्यक्रम होते हैं। दावत में बची मीट और हड्डियों को उनके घर के बाहर फेंक दिया जाता है। जब विरोध करतीं हैं तो संचालक व परिजन झगड़ा करने लगते हैं। शनिवार की रात मैरिज होम संचालक खालिद और ताहिर ने गाली गलौज करते हुए उन्हें और देवर चंद्रकांत को पीटा। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। अगले ही दिन मैरिज होम संचालक और शिकायतकर्ता के बीच कुछ लोगों ने बातचीत कराई। दोनों के बीच विवाद का निपटारा हो गया और लिखित में विवाद समाप्ति को लेकर थाने में प्रार्थना पत्र दिया गया।