बाह: बाह के संपूर्ण समाधान दिवस में पेट्रोल लिए शिशुपाल और रोती हुई मां, वायरल वीडियो का ग्रैब
बाह। भूमि विवाद में सुनवाई नहीं होने से तंग आकर फरियादी शनिवार को बाह तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में आत्मदाह के लिए पेट्रोल लेकर पहुंचा। पेट्रोल छिड़कने की जैसी ही युवक ने कोशिश की। अन्य फरियादियों ने उसे रोक लिया। युवक की मां भी फूट-फूट कर रोते हुए कहने लगी लेखपाल ने बिना पैमाइश उनकी जमीन को जुतवा दिया है।
चित्राहाट के पारना गांव निवासी शिशुपाल सिंह ने क्षेत्रीय राजस्व निरीक्षक पर भी गाली-गलौज करने और विपक्षियों से सांठगांठ के आरोप लगाए। आत्मदाह को लेकर करीब आधा घंटा तक तहसील में हंगामा चला। फिर एसडीएम व अन्य अधिकारियों ने मां और बेटे दोनों को समझाया और घर भेज दिया। शिशुपाल ने बताया कि 6 जुलाई को बाह के संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी मनीष कुमार बंसल के सामने अपनी मां के साथ पेश हुआ था। डीएम के सामने तब दूसरा पक्ष भी आ गया। तकरार की नौबत आने पर डीएम ने दोनों पक्षों को रोका था। एसडीएम को निर्देश दिए थे कि बैनामा देख लो, खतौनी की पड़ताल कर लो, मौके पर कुछ जमीन खाली बची है या नहीं। जमीन की पैमाइश होने तक खेत की जुताई न करने को दोनों पक्षों से कहा था। शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस में अपनी मां के साथ पहुंचे शिशुपाल सिंह ने बैग से पेट्रोल से भरी बोतल निकाली और कहने लगा कि कानूनगो एवं पुलिस ने जमीन को जुतवा दिया है, कहां जाए, आत्महत्या करेंगे, मां को कानूनगो ने गाली दी थी, हाईकोर्ट में मामला है, जबरदस्ती जमीन को जुतवा रहे हैं। हंगामा के बीच शिशुपाल को पुलिस ने रोका, समझाया, कार्रवाई का आश्वासन दिया और घर भेज दिया।
महिला के नाम नहीं कोई जमीन
महिला के नाम कोई जमीन नहीं है, पति जीवित रहते बेच गए थे। खतौनी में दाखिल खारिज के बाद खरीदार का नाम अंकित हो गया है। जब महिला के नाम कोई जमीन नहीं है, तो राजस्व विभाग कहां से दे देगा। - विनोद कुमार, उप जिलाधिकारी बाह