कासगंज। जिलाधिकारी के आदेश पर अग्निशमन टीम बृहस्पतिवार को अशोक नगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर चेकिंग के लिए गई थी। इस दौरान मेडिकल ऑफिसर और अग्निशमन अधिकारी के बीच विवाद हो गया। अग्निशमन अधिकारी ने अभद्रता का आरोप लगाते हुए एसपी से शिकायत की थी। इसका वीडियो भी वायरल हो रहा है। मामले में सीएमओ ने जांच के लिए दो सदस्यीय कमेटी गठित कर दी है।
बीते दिनों जयपुर और हाथरस के अस्पताल में आग लगने की घटना हुई। इस पर प्रदेश सरकार ने सभी अस्पतालों में अग्निशमन उपकरणों के इतंजाम की जांच करने और स्टॉफ को आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए ट्रेनिंग देने के आदेश दिए हैं। जिलाधिकारी प्रणय सिंह के निर्देश पर बृहस्पतिवार की दोपहर करीब सवा दो बजे अग्निशमन अधिकारी नितेश शर्मा टीम के साथ अशोक नगर सीएचसी पर प्रशिक्षण देने के लिए पहुंचे थे। स दौरान सीएचसी में मौजूद मेडिकल ऑफिसर डॉ. उद्देश्य यादव और अग्निशमन अधिकारी के बीच विवाद हो गया था। डॉ. उद्देश्य और नितेश शर्मा के बीच कहासुनी के कई वीडियो भी वायरल हो रहे हैं। इसमें डॉ. उद्देश्य यादव ये कहते हुए दिख रहे हैं कि प्रशिक्षण दो बजे से पहले होता है। सवा दो बजे के बाद नहीं होता...। डीएम का आदेश दिखाने को कहते हुए दिख रहे हैं। इसके अलावा अस्पताल में पिस्टल लगाकर आने पर आपत्ति जताते हुए दिख रहे हैं।
मेडिकल ऑफिसर से विवाद के बाद अग्निशमन टीम सीएचसी से लौट गई। मामले में अग्निशमन अधिकारी ने पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा से शिकायत की है। इसमें उन्होंने आरोप लगाया कि अशोक नगर सीएचसी का निरीक्षण करने पहुंचने पर मेडिकल ऑफिसर उन पर भड़कने लगे।
हेलमेट लेकर मेरी तरफ झपटने लगे। कॉलर पकड़ने का प्रयास करने लगे। मामले के तूल पकड़ने पर सीएमओ डॉ. राजीव अग्रवाल ने जांच के लिए दो सदस्यीय टीम गठित कर दी है। इसमें एसीएमओ डॉ. एएन चौहान और एसीएमओ डॉ. मनोज शुक्ला शामिल है। सीएमओ ने बताया कि जांच कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।