फिरोजाबाद। विधानसभा चुनाव 2022 के लिए एक हजार से 1200 मतदाताओं पर एक बूथ बनाया जाएगा। पहले यह मानक 1400 से लेकर 1500 वोटर संख्या तक था। शनिवार को राजनीतिक दलों के साथ आयोजित की गई बैठक में जिले में 25 मतदान केंद्र बढ़ाने के साथ-साथ 129 बूथों को बढ़ाए जाने की हरी झंडी हो गई है। राजनीतिक दलों की सहमति मिलने के साथ इन बूथों को बढ़ाने का प्रस्ताव आयोग को भेजा जाएगा।
भारत निर्वाचन आयोग ने प्रदेश में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए मतदाता सूची को तैयार किए जाने के साथ ही मतदान केंद्र एवं बूथों को सुधार कार्य करने का काम प्रारंभ कर दिया है। आयोग ने एक हजार से 1200 मतदाताओं पर बूथ बनाने का निर्णय लिया है। फिरोजाबाद जिले की बात करें तो पांच विधानसभा में अभी तक 1266 मतदान केंद्र एंव 2040 बूथ थे। डीएम एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्र विजय सिंह के निर्देशन में जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदार के द्वारा बूथों के सत्यापन कराया गया है। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि जिले में सत्यापन के दौरान 216 बूथ ऐसे मिले जहां मतदाताओं की संख्या इस मानक से अधिक थी जबकि जिले में 70 बूथ ऐसे पाए गए जहां मतदाताओं की संख्या चार सौ से पांच सौ होने के कारण यहां समायोजन हो सकता है। इस प्रकार जिले में 25 मतदान केंद्र तथा129 बूथों को बढ़ाने का निर्णय लिया है। आयोग की हरी झंडी मिलने के साथ जिले में मतदान केंद्रों की संख्या 1281 हो जाएगी जबकि बूथों की संख्या 2169 होगी।