मैनपुरी। ब्लॉक जागीर के गांव अंबरपुर निवासी कर्नल मलय मिश्र ने उच्च रक्षा प्रबंधन कोर्स में प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले को गौरवान्वित किया है। देशभर के चुने गए कर्नल रैंक के 162 अधिकारियों में 13 विदेशी अधिकारी भी सम्मान पाने वालों में शामिल हैं। कर्नल मिश्र की इस उपलब्धि पर परिजन ने भी फोन पर उन्हें बधाई देने के बाद मिठाई बांटी।
एयर मार्शल बीआर कृष्णा ने मलय मिश्र को चीफ आफ नेवल स्टाफ ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। उनको बेस्ट शोधार्थी की भी ट्रॉफी दी गई है। इस कोर्स के बाद कर्नल रेंक के अधिकारियों को सेना के उच्च पदों पर आसीन किया जाता है। हैदराबाद में डिफेंस फोर्सेज के कॉलेज ऑफ डिफेंस मैनेजमेंट में 25 मार्च को समापन समारोह में यह एवार्ड दिए गए हैं।
पिता सच्चिदानंद मिश्र ने बताया कि उच्च रक्षा प्रबंधन कोर्स में तीनों सेनाओं के चुने हुए कर्नल रैंक के ऑफिसर्स को हायर स्ट्रेटेजिक (सामरिक) विषयों पर 44 हफ्तों तक ट्रेंड किया जाता है। चुने हुए अधिकारी आगे चल कर भारतीय सेना के उच्च पद पर आसीन होते हैं। कर्नल मलय मिश्र की इस उपलब्धि पर परिवार के लोगों ने मिठाई बांट कर खुशी मनाई। मलय मिश्र के पिता सचिदानंद मिश्र, माता पुष्पा मिश्रा, ताऊ सुखदेव, संतोष मिश्रा, चाचा अशोक मिश्रा, यतेंद्र मिश्रा, ज्ञानप्रकाश मिश्रा, भाई नीरज शर्मा, मनोज शर्मा, लकी, लबली, हैप्पी, नॉटी मिश्रा मौजूद रहे।