आगरा में कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के साथ डर भी फैल रहा है। अवकाश के बाद आगरा स्थित अपने घर से ड्यूटी करने बैंक पहुंचे सहायक प्रबंधक को साथी कर्मचारियों ने बैंक में नहीं घुसने दिया। कहा कि पहले जांच कराओ। शाखा प्रबंधक ने उच्चाधिकारियों से बात की तो उन्हें घर में ही क्वारंटीन प्रोटोकॉल का पालन करने के निर्देश मिले।
शमसाबाद स्थित पंजाब नेशनल बैंक में सहायक प्रबंधक आगरा के रहने वाले हैं। 15 अप्रैल को वे अवकाश पर आगरा गए थे। वहां से सोमवार को वापस आने पर ड्यूटी करने बैंक पहुंचे। वहां साथी कर्मचारियों ने उनके बैंक में घुसने पर रोक लगा दी।
कहा कि आगरा से आए हैं, वहां कई लोग संक्रमित हैं। इसलिए पहले जांच कराएं। उच्चाधिकारियों से निर्देश मिलने पर सहायक प्रबंधक को घर भेज दिया गया। शाखा प्रबंधक तेज बहादुर ने बताया कि सहायक प्रबंधक यहां अकेले किराए पर रहते हैं। वे 14 दिन घर पर क्वारंटीन रहेंगे। इसके बाद ड्यूटी पर आएंगे।