मैनपुरी। आलू की निकासी को लेकर उद्यान विभाग भी सतर्क हो गया है। 31 अक्तूबर तक कोल्ड स्टोरेज से आलू की निकासी के लिए जिला उद्यान अधिकारी (डीएचओ) ने कोल्ड स्टोरेज का निरीक्षण किया। उन्होंने तीन दिन में कोल्ड खाली कराने के आदेश दिए। जिला उद्यान अधिकारी अनीता सिंह सबसे पहले भोगांव रोड स्थित कुमार शीतालय पहुंचीं।
उन्होंने निरीक्षण के दौरान पाया कि कोल्ड स्टोरेज में साढ़े सात हजार पैकेट आलू शेष बचा है। संचालक ने तीन दिन में कोल्ड खाली करने का भरोसा दिलाया। इसके बाद उन्होंने अन्य कोल्ड स्टोरेज में भी निरीक्षण कर आलू निकासी में तेजी लाने के निर्देश दिए।
31 तक आवेदन करें कोल्ड संचालक
मैनपुरी। वर्ष 2021 के कोल्ड स्टोरेज लाइसेंस नवीनीकरण के आवेदन के लिए 31 अक्तूबर तक ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इसके बाद आवेदन का प्रिंट, चालान की मूल प्रति ऑनलाइन या ऑफलाइन, फायर विभाग का अनापत्ति प्रमाण पत्र, प्रदूषण विभाग से जल व वायु का प्रमाण पत्र, वर्ष 2020 में भंडारित आलू खराब न होने का प्रमाण पत्र आदि जमा करने होंगे। यह जानकारी जिला उद्यान अधिकारी अनीता सिंह ने दी।