मैनपुरी। सर्दी अस्थमा के मरीजों पर भारी पड़ रही है जिला अस्पताल पहुंचे चार मरीजों ने दम तोड़ दिया। वहीं इमरजेंसी में 18 मरीज भर्ती कराए गए। सात मरीजों को हालत बिगड़ने पर मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर किया गया।
रविवार को सुबह से ही महाराजा तेज सिंह जिला अस्पताल में मरीजों की भीड़ रही। अस्पताल की ओपीडी बंद होने के कारण इमरजेंसी में मरीजों की भीड़ रही। यहां अस्थमा के मरीज बड़ी संख्या में पहुंचे। भोगांव थाना क्षेत्र के गांव फाजिलगंज निवासी विलायत खान (85) को पिछले कुछ दिनों से सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। शनिवार की गंभीर हालत में परिजन ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया यहां उपचार के दौरान देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया।
शहर के मोहल्ला देवी रोड निवासी विद्यादेवी (70) पत्नी रामरतन को भी पिछले कुछ दिनों से अस्थमा के चलते सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। परिजन ने उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। किशनी थाना क्षेत्र के गांव चितायन निवासी रामप्रकाश (70) को भी पिछले कुछ दिनों से सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। परिजन रविवार की सुबह उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शहर के मोहल्ला चौथियाना निवासी रामस्वरूप (79) को भी पिछले कुछ दिनों से सांस लेने में दिक्कत थी। रविवार की सुबह परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सीएमएस डॉ. मदनलाल का कहना था कि एक मरीज को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया था जबकि तीन अन्य को मृत अवस्था में ही अस्पताल लाया गया है।
अस्थमा के कारण
- घर और आसपास धूल होना
- घर में पालतू जानवर का होना
- वायु प्रदूषण
- धूम्रपान
- तनाव या भय
- अधिक मात्रा में जंकफूड का सेवन करने से
- सर्दी के मौसम में अधिक ठंड लगने से
- ज्यादा नमक खाने से
- अनुवांशकता के कारण
ये हैं लक्षण
- खांसी, सर्दी या एलर्जी होना
- सीने में खिंचाव या जकड़न महसूस करना
- सांस लेते समय घबराहट जैसी आवाज आना
- बैचेनी महसूस करना
- सिर का भारी होना और थकावट लगना
-उल्टी का होना
अस्थमा से बचाव के उपाय
- मरीज खुले में न लेटें
- धूल और धुआं से बचाव रखें
- जरा भी परेशानी होने पर विशेषज्ञ डॉक्टर से उपचार लें
- अस्थमा की दवा घर पर भी रखें
- झोलाछाप से उपचार कराने में बचाव करें