जिला अस्पताल में दवा काउंटर पर लगी मरीजों की लाइन
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। जिले में कोल्ड डायरिया और निमोनिया के मरीजों की संख्या बढ़ चली है। बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल में कोल्ड डायरिया और मिमोनिया से पीड़ित 15 मरीजों को भर्ती कराया गया। कोल्ड डायरिया से पीड़ित अलग-अलग क्षेत्रों में दो मरीजों की मौत हो गई। वहीं एक अन्य मरीज ने भी जिला अस्पताल में बेहोशी की हालत में दम तोड़ दिया।
गांव रठेरा निवासी 72 वर्षीय धनुषपाल सिंह को दो दिन पहले कोल्ड डायरिया हुआ। परिजन उन्हें गंभीर हालत में आगरा ले गए। उपचार के दौरान बुधवार रात उनकी मौत हो गई। शहर के मोहल्ला भरतवाल निवासी धीरेंद्र सिंह के 40 वर्षीय पुत्र बबलू को पिछले कुछ दिनों से कोल्ड डायरिया की दिक्कत थी। परिजन उसका एक निजी चिकित्सक से उपचार करा रहे थे। यहां उसे पेट में संक्रमण की दिक्कत बढ़ गई। बृहस्पतिवार को परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शहर के मोहल्ला शिवनगर निवासी भगवानदास के 38 वर्षीय पुत्र नीरज को बुधवार रात परिजनों ने बेहोशी की हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। अचानक उसे क्या दिक्कत हुई इसकी न तो कोई जांच हो सकी और न ही परिजन कोई जानकारी दे सके। उपचार के दौरान नीरज की मौत हो गई। वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. जेजे राम ने बताया कि जिला अस्पताल में भर्ती एक मरीज को बेहोशी की हालत में भर्ती कराया था, उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। एक अन्य मरीज को मृत अवस्था में लाया गया था। परिजनों के अनुसार उसे पेट में संक्रमण था।