हिस्ट्री शीटर एवं सिपाही के हत्या के आरोपी शराब माफिया मोती सिंह की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान पटियाली सीओ गवेंद्र पाल सिंह का ट्रांसफर लखनऊ पुलिस मुख्यालय के लिए किया गया था, लेकिन ऑपरेशन के बीच में एसपी मनोज सोनकर ने उन्हें रिलीव नहीं किया। अब ऑपरेशन पूरा होने के बाद सीओ गवेंद्र पाल सिंह को एसपी ने मंगलवार को रिलीव कर दिया। मंगलवार को जिलाधिकारी सीपी सिंह, एसपी मनोज सोनकर सहित जिले अन्य अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों और साथी पुलिस कर्मियों ने ऑपरेशन मोती की सफलता का श्रेय सीओ व उनकी टीम को दिया। उन्हें सम्मानित भी किया।
9 फरवरी को घटना बाद से ही सीओ पटियाली के नेतृत्व में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए ऑपरेशन चलाया जा रहा था। चूंकि वहां उनकी तैनाती थी तो वे कटरी के वातावरण से भी वाकिफ थे। पुलिस अधिकारियों ने ऑपरेशन के बीच में उन्हें हटाना मुनासिब नहीं समझा। दो दिन पूर्व हिस्ट्री शीटर मोती का मुठभेड़ में अंत हो गया। अब नए सीओ दीप कुमार पंत जिले में पहुंच गए। उन्होंने भी पदभार गृहण कर लिया। विदाई के दौरान एएसपी आदित्य वर्मा सीओ सहावर शैलेंद्र प्रतिहार, सीओ सदर आरके तिवारी सहित विभिन्न थानों के प्रभारी व अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।