मैनपुरी। कोरोना महामारी की रोकथाम के लिए जिले में हाई अलर्ट जारी है। रविवार को सीएमओ डॉ. एके पांडेय ने जिला अस्पताल स्थित कोविड- लेवल टू का निरीक्षण किया। इस दौरान सीसीटीवी कैमरे इंटरनेट से जुड़े न पाए जाने पर सीएमओ ने नाराजगी प्रकट की।
सीएमओ के निरीक्षण के दौरान चिकित्सक डॉ. वासिफ मंजूर स्वास्थ्य कर्मियों के साथ उपस्थित थे। वार्ड में सफाई कार्य चल रहा था। नगला पजाबा निवासी कोरोना पॉजिटिव छात्र यहां भर्ती था। सीएमओ ने छात्र के ट्रैवल हिस्ट्री की जानकारी ली। इस दौरान पाया कि छात्र ने इटावा से कानपुर की यात्रा ट्रेन से की थी। सीएमओ ने निर्देश दिए कि सभी की ट्रैवल हिस्ट्री दर्ज रखी जाए। सीएमओ ने मरीज के पास सफाई व्यवस्था और भोजन व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण सफाई और भोजन व्यवस्था से वे संतुष्ट दिखे।
अस्पताल में सीसीटीवी कैमरे इंटरनेट से जुड़े न मिलने पर सीएमओ ने नाराजगी प्रकट की। सीएमएस महिला को इसे तत्काल ठीक कराने के लिए निर्देश दिए। सीएमओ ने आईसीयू के उपकरण क्रियाशील पाए। गैलरी रैंप की सफाई के लिए निर्देशित किया। निरीक्षण के दौरान डॉ अनिल यादव, एवं अनिल चौहान, रविंद्र सिंह गौर आदि लोग मौजूद रहे।