आगरा में करवाचौथ पर अपनी पत्नी को तोहफे के तौर पर शौचालय देने वाले पतियों को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सम्मानित करेंगे। यह सम्मान समारोह 26 अक्तूबर को उनके शहर आने पर आयोजित किया जाएगा। जिला पंचायती राज विभाग ने एडीओ पंचायत से ऐसे ‘पति नंबर वन’ की सूची मांगी है।
बता दें कि जिला पंचायती राज विभाग ने स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत करवाचौथ पर ‘पति नंबर वन’ नाम की अनूठी योजना चलाई थी। इसमें उन पतियों को सम्मानित करने की बात कही गई थी, जो करवाचौथ पर उपहार के रूप में पत्नी को शौचालय बनवाकर देंगे।
इस योजना से प्रेरित होकर जिले के कई गांवों में लोगों ने पत्नी के लिए शौचालय बनवाए। अब विभाग उन लोगों को मुख्यमंत्री के हाथों सम्मानित कराने की तैयारी में है। जिला पंचायती राज अधिकारी जगदीश राम गौतम के मुताबिक जिले के सभी एडीओ पंचायत से शौचालय का तोहफा देने वालों की सूची मांगी गई है। लगभग 200 पतियों का सम्मान कराया जाएगा। साथ ही उन्हें प्रशस्ति पत्र भी दिए जाएंगे।