सीएम योगी सोमवार शाम को आगरा पहुंचे। खेरिया हवाई अड्डे पर जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। उन्होंने मंडल के सभी जिलों के भाजपा के जनप्रतिनिधियों और संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को आगरा मंडल के जनप्रतिनिधियों व संगठन के पदाधिकारियों के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की समीक्षा बैठक ली। मुरादाबाद की कुंदरकी, शामली जिले की कैराना, नजीबाबाद जैसी सीटों का उदाहरण देकर कहा कि ऐसी कई सीटें हैं, जहां लगभग साै प्रतिशत एसआईआर हो चुका है। इनमें से अधिकतर सीटें विपक्ष के पास हैं या वहां भाजपा से विपरीत विचारधारा के लोग ज्यादा हैं। इस बात को गंभीरता से लें और चुनाव जीतना है तो अपना हर वोट ढूंढ-ढूंढकर उसे मतदाता सूची में शामिल कराएं।
विज्ञापन
मंडलायुक्त सभागार में शाम 4:26 बजे शुरू हुई बैठक के दाैरान मुख्यमंत्री ने आगरा शहर की तीन, मथुरा-वृंदावन, फिरोजाबाद व मैनपुरी शहर की सीटों पर एक लाख से ज्यादा मतदाताओं तक न पहुंच पाने पर नाराजगी जताई। शहरी सीटों के विधायकों और संगठन के पदाधिकारियों को बूथ कमेटियों के साथ-साथ महापाैर, पार्षदों को भी लगाकर सत्यापन कराने के लिए कहा।
सीएम ने सख्त लहजे में कहा कि अगले कुछ दिन दावत भूल जाएं और सिर्फ एसआईआर पर ही ध्यान केंद्रित करें। मैनपुरी की करहल सीट के प्रत्याशी रहे अनुजेश प्रताप सिंह यादव का नाम लेकर कहा कि अगर सत्यापन में बेहतर काम कर अपने वोटर जोड़ने में सफल रहे तो कुछ वोट से मिली हार को जीत में बदला जा सकता है।
इससे पहले उन्होंने हर विधानसभा क्षेत्रवार एसआईआर का आंकलन किया। हर विधायक से बात कर उन्हें बूथ समितियों को सक्रिय कर उनके साथ खुद जुटने को कहा। बैठक से पहले महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता और जिलाध्यक्ष प्रशांत पाैनिया ने स्मृति चिह्न देकर सीएम का स्वागत किया। बैठक के दाैरान सभी जिलों के सांसद, विधायक, जिलाध्यक्षों के अलावा ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रज बहादुर भारद्वाज आदि माैजूद रहे।
मंत्री, सांसद, विधायक ने एयरपोर्ट पर छुए सीएम के पैर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार शाम करीब 4 बजे खेरिया हवाई अड्डे पहुंचे। वहां राज्यमंत्री धर्मवीर प्रजापति, सांसद राजकुमार चाहर, विधायक चौधरी बाबूलाल, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया सहित पार्टी पदाधिकारियों ने सीएम के पैर छुए। पुष्प और अंगवस्त्र भेंट कर सीएम का एयरपोर्ट पर स्वागत किया। एयरपोर्ट से आयुक्त सभागार के लिए निकलते समय सीएम कार में बैठने के लिए सवार हुए। तभी तेज कदमों से फतेहपुर सीकरी सांसद राजकुमार चाहर सीएम योगी की तरफ बढ़े। सीएम के सुरक्षाकर्मी ने सांसद की बाह पकड़ ली और पीछे खींचा। उनसे दूसरी तरफ से आकर कार में बैठने को कहा। सीएम योगी की कार में ही सांसद बैठक में पहुंचे। निर्धारित समय से सीएम करीब एक घंटा देरी से आगरा आए। सीएम के स्वागत के लिए एयरपोर्ट पर उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम अध्यक्ष राकेश गर्ग, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, जिलाध्या प्रशांत पौनिया, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष प्रदीप भाटी, श्याम भदौरिया आदि मौजूद रहे। सांसद और मंत्री के साथ सभी ने सीएम के पैर छुए।