मथुरा में गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ऑक्सीजन की आवश्यकता को पूरा करने के लिए प्रदेश में 377 नए ऑक्सीजन प्लांट लगाने की मंजूरी दी गई है। प्रदेश की रणनीति का ही परिणाम है कि कोरोना संक्रमितों की संख्या घट रही है। मुख्यमंत्री ने जिले में कोविड संक्रमण से निपटने के लिए व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिला अस्पताल के अलावा कोविड कमांड सेंटर के निरीक्षण के साथ ही डैंपियर नगर में संक्रमित परिवार से भी बातचीत की।
अलीगढ़ से मथुरा पहुंचे प्रदेश के सीएम ने कहा कि पिछले 22 दिनों के दौरान उत्तर प्रदेश में 1.06 लाख कोविड के एक्टिव केस कम हुए हैं। 30 अप्रैल को प्रदेश में 3.10 लाख एक्टिव केस थे, जो 12 मई तक घटकर 2.04 लाख रह गए हैं। उन्होंने कहा कि कोविड की टेस्टिंग का दायरा तेजी से बढ़ाया जा रहा है। वर्तमान में प्रतिदिन सवा दो से ढाई लाख टेस्टिंग की जा रही हैं, मार्च में टेस्टिंग डेढ़ लाख तक हो रही थी।
उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में कोविड की पहली लहर के दौरान ऑक्सीजन की आवश्यकता नहीं पड़ी थी, लेकिन कोरोना की दूसरी लहर में अचानक इसकी आवश्यकता बढ़ गई। मैं बधाई देता हूं प्रधानमंत्री को, जिन्होंने भारतीय रेल और वायुसेना की सहायता से उत्तर प्रदेश की इस आवश्यकता को पूरा किया। पीएम केयर फंड, सीएम केयर फंड, सीएसआर के साथ गन्ना और स्वास्थ्य विभाग की मदद से प्रदेश में 377 नए ऑक्सीजन प्लांट लगाए जाने की मंजूरी दी गई है। अस्पतालों में ऑक्सीजन युक्त बेड भी बढ़ाए गए हैं।