फिरोजाबाद के स्कूल में मनमानी फीस बढ़ाने का विरोध करने अभिभावक की सजा उनके बेटे को मिली। आरोप है कि स्कूल में कक्षा सात में पढ़ने वाले उनके बेटे का उत्पीड़न किया गया। परेशान होकर छात्र ने अपने पिता के साथ सत्याग्रह का रास्ता अपनाया तब जाकर प्रशासन की नींद टूटी।
बताया गया है कि फिरोजाबाद के मथुरा नगर स्थित अमरदीप स्कूल में पढ़ने वाले कक्षा सात के छात्र सनी शर्मा के पिता ने स्कूल प्रबंधन द्वारा बढ़ाई गई फीस का विरोध किया। आरोप है कि इस पर स्कूल में छात्र का उत्पीड़न शुरू हो गया। छात्र के साथ-साथ पिता का आरोप है, उनके बच्चे को क्लास में नहीं बैठने दिया जा रहा। परीक्षा नहीं देने दी गई।
मामले में जब पीड़ित पिता ने डीएम नेहा शर्मा से शिकायत की फिर भी न्याय नहीं मिला। इस दो सितंबर को छात्र अपने पिता के साथ शहर के गांधी पार्क में धरने पर बैठ गया। इसके बाद डीएम ने मामले की जांच के आदेश दिए। फिलहाल डीएम के आदेश पर जिला विद्यालय निरीक्षक ने जांच शुरू कर दी है। इसके बाद छात्र और पिता ने धरना खत्म कर दिया।