ग्रामीणों ने इसकी शिकायत पुलिस और प्रशासनिक अफसरों से की। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो सकी। जिसको लेकर पहाड़पुर के ग्रामीणों में आक्रोश पनप गया। ग्रामीण मंगलवार को गांव के बाहर धरने पर बैठ गए और टूंडला-एटा मार्ग जाम कर दिया। जाम की सूचना पर नगला बीच चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ पहुंच गए। उन्होंने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन ग्रामीण समस्या के निस्तारण और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
इस बीच टूंडला, नारखी, नगला सिंधी, पचोखरा के साथ अन्य थानों का पुलिस बल भी पहुंच गया। पुलिस बल की संख्या में इजाफा होने के साथ ही पुलिस ने जबरन जाम खुलवाने का प्रयास किया। इस पर ग्रामीण भड़क गए और पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। पुलिस ने मोर्चा लेने के साथ ही जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी। पथराव के दौरान ग्रामीणों ने एटा से आगरा जाने वाली रोडवेज की दो बसों के साथ पुलिस की दो जीपों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
पथराव के दौरान बदायूं डिपो के बस चालक दलवीर, चौकी प्रभारी नगला बीच, दो सिपाही और पहाड़पुर निवासी रचना, पुष्पादेवी और केसी कुमार घायल हो गए। पुलिसकर्मियों के घायल होते ही पुलिस ने बल प्रयोग कर उपद्रवियों को खदेड़ना शुरू कर दिया। इस बीच सीओ टूंडला अभिषेक श्रीवास्तव, एसडीएम टूंडला बुशरा बानो भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझाकर जाम खुलवा दिया। वहीं घायलों का डाक्टरी परीक्षण कराया गया है।
बसों से कूद कर जान बचाने के लिए विवश हुए यात्री
एटा से आगरा जा रही रोडवेज की बसें जाम में फंस गईं थीं। महिलाएं जहां बसों के अंदर बच्चों के साथ बैठीं थीं। वहीं पुरुष बसों से उतर कर सड़क पर खड़े होकर जाम खुलवाने का इंतजार कर रहे थे। अचानक पथराव होते ही यात्रियों में चीख पुकार मच गई। महिलाएं बच्चों के साथ सीटों के नीचे छुप गईं तो पुरुषों ने खेतों की ओर भाग कर जान बचाई। इस बीच जिसको जहां जगह मिली वह वहां छुप गया।
वापस लौट गए कई वाहन
पथराव होते ही कई वाहन चालक वाहनों को बैक कर एटा और टूंडला की ओर लौट आए। वहीं जिन चालकों को जाम से निकलने का मौका नहीं मिला। वह भी अपने वाहनों को छोड़कर भाग खड़े हुए। आक्रोशित लोगों ने प्रावइेट वाहनों को छोड़कर सरकारी वाहनों को ही निशाना बनाया।
एसडीएम टूंडला बुशरा बानो का कहना है कि पिपरौली गांव में बनी पानी की टंकी से पहाड़पुर को सप्लाई दी जाती है। पिपरौली गांव के एक युवक ने पाइप लाइन क्षतिग्रस्त कर दी थी। जिससे पहाड़पुर में पानी नहीं पहुंच रहा था। जिसको लेकर ग्रामीण आक्रोशित हुए थे। ग्रामीणों को समझाने के साथ ही पहाड़पुर में पानी की सप्लाई शुरू करा दी है। पथराव के दौरान चौकी प्रभारी नगला बीच, दो सिपाही और तीन ग्रामीण घायल हुए है।
एसपी सिटी मुकेश चंद्र मिश्र ने बताया कि पानी की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने जाम लगाया था। जाम खुलवाने के दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच विवाद हुआ था। ग्रामीणों ने पथराव किया है। जिसमें पुलिसकर्मियों के साथ कुछ ग्रामीण भी घायल हुए है। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
खाली बर्तन लेकर जाम लगाने पहुंचे थे ग्रामीण
जाम लगाने के साथ ही ग्रामीण खाली बर्तन लेकर प्रदर्शन भी कर रहे थे। पथराव और पुलिस द्वारा खदेड़े जाने के बाद ग्रामीण बर्तनों को मौके पर ही छोड़कर भाग गए। जिनको पुलिस ने बाद में सड़क से हटवा दिया। पथराव के दौरान ग्रामीणों ने भवन निर्माण के लिए मंगाई गई ईंटों का प्रयोग किया।