दीवार निर्माण को लेकर खूनी संघर्ष।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
आगरा के थाना डौकी क्षेत्र के गांव नगला बेहड़ में सोमवार सुबह दीवार निर्माण को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने के साथ पथराव हुआ। दोनों पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष में 11 लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सीएचसी फतेहाबाद भेजा।
नगला बेहड़ निवासी सरमन सिंह पुत्र डोंगर सिंह ने बताया कि वह सोमवार सुबह करीब 10 बजे अपनी जमीन पर दीवार का निर्माण कार्य करा रहे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के सुरेश पुत्र झम्मन सिंह व उनके परिजन वहां पहुंच गए और निर्माण का विरोध करते हुए गाली-गलौज करने लगे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडे लेकर आमने-सामने आ गए। इसके बाद जमकर मारपीट और पथराव हुआ, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई।
मारपीट में एक पक्ष से संतोष पुत्र ओमप्रकाश, पप्पू पुत्र रामजीलाल, अमरीश पुत्र राकेश, सरवन, कृष्णा पुत्र डोंगर सिंह, आशीष पुत्र पप्पू ,ओमप्रकाश घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष से सुरेश, राधाकिशन, कामता प्रसाद , हरी सिंह पुत्र झम्मन सिंह को गंभीर रूप से घायल हो गए।
दूसरे पक्ष का आरोप है कि सरमन पक्ष दीवार लगाकर रास्ता बंद कर रहा था। जिसका विरोध करने पर विवाद हुआ। सूचना मिलते ही डौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहाबाद में भर्ती कराया। थानाध्यक्ष डौकी ने बताया कि दीवार निर्माण को लेकर परिवार के ही दो पक्षों में मारपीट हुई है। घायलों का मेडिकल कराया गया है। तहरीर मिलने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।