आगरा के एत्मादपुर कस्बे के मोहल्ला कोरियान में दो युवकों में शराब पीने के दौरान विवाद हुआ। दोनों ओर से लोगों के जुट जाने से करीब 20 मिनट तक पथराव में दो युवक घायल हुए हैं।
एसीपी देवेश कुमार ने बताया कि कोरियान निवासी अरविंद और सतौली पड़ाव निवासी वारिस बृहस्पतिवार की शाम रेलवे लाइन के पास बैठकर शराब पी रहे थे। वारिस का दोस्त जेपी भी वहां आ गया। नशे में वारिस और अरविंद में गाली गलौज और मारपीट होने लगी। सूचना पर दोनों के मोहल्लों के 15-20 लोग भी आ गए और पथराव करने लगे। सूचना पर पुलिस पहुंची तो बवाल करने वाले भाग गए। मारपीट में वारिस व अयान घायल हैं। एक आरोपी अरविंद को पकड़ा गया है। अन्य की तलाश की जा रही है।
आगरा के एत्मादपुर के मोहल्ला कोरियान में पथराव की घटना कोई नई नहीं है। इस इलाके में विगत वर्षों में कई बार पथराव, मारपीट और आपसी झगड़ों की घटनाएं सामने आती रही हैं। यह क्षेत्र एक घनी आबादी वाला संवेदनशील इलाका माना जाता है, पड़ोस के मोहल्ला शेखान में मुस्लिम समुदाय की बस्ती है। बावजूद इसके अब तक यहां सीसीटीवी कैमरों जैसी बुनियादी सुरक्षा व्यवस्थाएं नहीं की गई हैं।
बृहस्पतिवार को नए साल के दिन हुए ताजा पथराव की घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। लोग नए साल का जश्न मनाने के बजाय अपने-अपने घरों में दुबकने को मजबूर हो गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और पूरे मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। एसीपी देवेश कुमार ने मौके पर पहुंचकर इलाके की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और अधीनस्थों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। पुलिस का कहना है कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।